डिवाइडर से टकराई कार, फिर सामने से आई गाड़ी से भिड़ी; ITBP DIG की मौत, 4 घायल
सहारनपुर में शनिवार सुबह सरसावा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा हो गया. इस हादसे में DIG परमिंदर सिंह और उनके ड्राइवर रवि शंकर की मौत हो गई.

सड़क हादसे में ITBP DIG की मौत (सांकेतिक तस्वीर)
शनिवार को सहारनपुर के सरसावा थाना क्षेत्र में एक बड़ा हादसा हो गया. देहरादून-पंचकूला नेशनल हाईवे पर झबीरन कट के पास ITBP के DIG परमिंदर सिंह की स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई. टक्कर इतनी तेज थी कि स्कॉर्पियो दूसरी लेन में जा पहुंची, इसी दौरान सामने से आ रही एक स्विफ्ट डिजायर की भी स्कॉर्पियो से टक्कर हो गई. इस हादसे में DIG परमिंदर सिंह और उनके ड्राइवर रवि शंकर की मौत हो गई.
बताया जा रहा है कि DIG परमिंदर सिंह मसूरी से ट्रेनिंग करके अंबाला जा रहे थे. उनके साथ एक गनर भी मौजूद थे, इनका नाम जयराम था. हादसे में दोनों की गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई हैं. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को गाड़ी से निकालकर अस्पताल भर्ती कराया गया.
DIG परमिंदर सिंह और उनके ड्राइवर रवि शंकर को अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित किया गया जबकि DIG के गनर जयराम के हाथ में चोट आई है और फिलहाल उनका इलाज जारी है. वहीं, स्विफ्ट डिजायर में सवार तीन लोगों में एक की हालत गंभीर बताई गई है.
यह भी पढ़ें: ओडिशा: झंडे का स्टैंड लगाते समय हादसा, करंट की चपेट में आने से टीचर की मौत… 3 छात्र घायल
SP शैलेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि उन्हें सुबह करीब 9:30 बजे हादसे की सूचना मिली थी. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में चली गई, और उसकी स्विफ्ट डिजायर से टक्कर हो गई. स्विफ्ट डिजायर में एक परिवार सवार था, ये लोग हरिद्वार की ओर जा रहे थे. इनकी पहचान गुरुनानक सिंह, देवेंद्र कौर और गुरुनाम सिंह के रूप में हुई है. तीनों को चोटें आई हैं. फिलहाल इनका इलाज जारी है.
DIG और उनके ड्राइवर के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं. फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है. पुलिस दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे से जुड़े साक्ष्य जुटाने में लगी है.


